अपराध

संपत्ति विवाद में खून का रिश्ता हुआ तार-तार, पोते ने दादा का गला रेतने की कोशिश

 

पनियरा के शांति नगर चौराहे पर दिनदहाड़े वारदात, गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो : पनियरा कस्बे में पारिवारिक संपत्ति विवाद ने शुक्रवार को हिंसक मोड़ ले लिया। नगर पंचायत पनियरा के शांति नगर चौराहे स्थित एक ज्वेलरी दुकान में पोते ने अपने ही दादा पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना से बाजार में सनसनी फैल गई। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पनियरा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 11 निवासी 62 वर्षीय शमीम अंसारी पुत्र उम्मर शांति नगर चौराहे पर ‘अंसारी ज्वेलर्स’ के नाम से दुकान संचालित करते हैं। शुक्रवार अपराह्न करीब तीन बजे उनका 21 वर्षीय पोता लतीफ पुत्र इकबाल अंसारी दुकान पर पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों के बीच पहले कुछ बातचीत हुई, जिसके बाद लतीफ अचानक दुकान के भीतर गया और पीछे से दादा के गले पर चाकू से वार कर दिया। हमले के दौरान शमीम अंसारी ने खुद को बचाने के लिए चाकू पकड़ने की कोशिश की, जिससे उनके हाथ में भी गहरी चोट आ गई। अचानक हुई इस घटना से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनियरा पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपी स्वयं थाने पहुंच गया और घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हमले में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक संपत्ति विवाद से जुड़ा सामने आया है। पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी है, जबकि घायल की हालत पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है।

यह भी पढ़ें : नाली विवाद के बाद दो वर्षीय बच्ची की संदिग्ध मौत, शव लेकर एसपी दफ्तर पहुंचे परिजन