इंडियन गैस एजेंसी पर हंगामा: ग्राहकों से मारपीट का वीडियो वायरल, 4 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जनपद के फरेंदा थाना क्षेत्र में स्थित एक इंडियन गैस एजेंसी पर हंगामा और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ग्राहकों और एजेंसी कर्मचारियों के बीच तीखी बहस और हाथापाई होती दिखाई दे रही है। पीड़ित ग्राहक ने आरोप लगाया है कि गैस लेने पहुंचे उपभोक्ताओं के साथ एजेंसी मालिक और कर्मचारियों ने अभद्र व्यवहार किया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी की गई। मामले को लेकर पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने गैस एजेंसी मालिक समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और वायरल वीडियो को भी साक्ष्य के रूप में परखा जा रहा है। फरेंदा थानाध्यक्ष योगेंद्र राय ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं के साथ हो रहे व्यवहार की निगरानी की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
यह भी पढ़ें : नेपाल के मेडिकल कॉलेज में दाखिला कराने के लिए डॉक्टर से हड़पा 55 लाख, दो पर केस