दारोगा के सामने भिड़े दो पक्ष, मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटना सामने आई। बरहडा रोड स्थित नहर के पास एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान के सामने दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना शाम करीब 8 बजे की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और हाथापाई शुरू हो गई। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और विवाद को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन कुछ लोग पुलिस की मौजूदगी में भी एक-दूसरे से भिड़ते रहे। घटना का वीडियो किसी ने सीसीटीवी में से मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में लोगों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट होती दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। श्यामदेउरवा थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हुई है। जांच के बाद छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल किया गया है और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
यह भी पढ़ें : महराजगंज में एंटी करप्शन का बड़ा एक्शन, 20 हजार की रिश्वत लेते दो गिरफ्तार