अपराध

वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, गोह के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग की पकड़ी रेंज के वन विभाग ने वन्यजीव अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए संरक्षित वन्यजीव गोह (मॉनिटर लिजार्ड) के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक जीवित गोह बरामद की गई, जिसे अवैध रूप से पकड़कर ले जाया जा रहा था। वन विभाग ने तीनों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वन विभाग को गोपनीय सूचना मिली थी कि कुछ लोग संरक्षित वन्यजीव की तस्करी करने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पकड़ी रेंज की टीम ने क्षेत्र में सघन निगरानी और घेराबंदी की। संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर टीम ने तीन लोगों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से गोह बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों की पहचान शंकर पुत्र लक्ष्मण, साहिल पुत्र नथई और सागर पुत्र छविलाल, निवासी जयप्रकाश नगर, वार्ड नंबर-07, नगर पालिका परिषद महराजगंज के रूप में हुई। वन विभाग ने तीनों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद गोह को सुरक्षित कब्जे में लेकर उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा। क्षेत्रीय वन अधिकारी सुशांत मणि त्रिपाठी ने बताया कि वन्यजीवों के अवैध शिकार और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी वन्यजीव अपराध की जानकारी मिले तो तत्काल वन विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। इस अभियान में घुघली सेक्शन प्रभारी गौरव त्रिपाठी सहित वन विभाग की टीम की मौजूद रही।

यह भी पढ़ें : हाथ देखकर भविष्य बताने और पूजा-पाठ के बहाने उड़ाते थे जेवर, अंतरजनपदीय गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार