कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 69.90 ग्राम स्मैक के साथ युवक-युवती गिरफ्तार
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए त्रिमोहानी के पास महलगंज से 69.90 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस, स्वाट (SWAT) और एसओजी (SOG) टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए त्रिमोहानी के पास महलगंज से एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो पाउच में कुल 69.90 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इनमें एक पाउच में 41.20 ग्राम तथा दूसरे में 28.70 ग्राम स्मैक थी।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान करन मणि त्रिपाठी (26), निवासी लोहिया नगर, थाना कोतवाली, महराजगंज तथा मनीषा निषाद (28), निवासी ट्रांसपोर्ट नगर, थाना राजघाट, गोरखपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार करन मणि त्रिपाठी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मुकदमा दर्ज है। बरामदगी के आधार पर कोतवाली थाना में मुकदमा अपराध संख्या 295/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपितों को न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें : हाथ देखकर भविष्य बताने और पूजा-पाठ के बहाने उड़ाते थे जेवर, अंतरजनपदीय गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार