तीन प्लेट बिरयानी बनी भारी, चंद रुपये के विवाद में यूपी-112 के दो पुलिसकर्मी निलंबित
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो-: जिले में तीन प्लेट बिरयानी का मामूली भुगतान विवाद दो पुलिसकर्मियों की वर्दी पर भारी पड़ गया। होटल संचालक से हुई कहासुनी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी के निर्देश पर हुई जांच में अनुशासनहीनता और अल्कोहल सेवन की पुष्टि होने के बाद दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया, जबकि होमगार्ड चालक के खिलाफ भी कार्रवाई की संस्तुति की गई है। घुघली थाना क्षेत्र के पुरैना खंडी चौरा स्थित होटल ताज में यूपी-112 की पीआरवी संख्या 8680 पर तैनात पुलिसकर्मियों और होटल संचालक के बीच तीन प्लेट बिरयानी के भुगतान को लेकर विवाद हो गया। होटल संचालक का आरोप है कि बिरयानी पैक कराने के बाद पुलिसकर्मी पैसे देने से बचने लगे। विरोध करने पर उसने पूरी घटना अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली। कुछ ही देर में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और मामला चर्चा का विषय बन गया। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में भी संबंधित पुलिसकर्मियों के होटल पहुंचने की पुष्टि हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने तत्काल जांच के आदेश दिए। जांच में प्रथम दृष्टया हेड कांस्टेबल संतोष कुमार पांडेय, कांस्टेबल अनिल कुमार यादव और होमगार्ड चालक मनोज कुमार का आचरण पुलिस नियमावली के विपरीत पाया गया। तीनों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसमें आंशिक रूप से अल्कोहल सेवन की पुष्टि हुई। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई। वहीं, होमगार्ड चालक के विरुद्ध कार्रवाई के लिए जिला कमांडेंट होमगार्ड को रिपोर्ट भेजी गई है। बाद में होटल संचालक को बिरयानी का पूरा भुगतान भी कराया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अनुशासनहीनता, अभद्र व्यवहार और कर्तव्य में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। पुलिस की छवि धूमिल करने वाले कर्मियों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें : नगर पालिका परिषद महराजगंज के चिउरहा वार्ड के सभासद पर मुकदमा दर्ज, जानिए क्या है मामला