नेपाल बॉर्डर पर करोड़ों की मेथाक्वॉलोन ड्रग्स बरामद, मणिपुर की महिला गिरफ्तार
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सोनौली बॉर्डर पर सुरक्षा एजेंसियों ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 2.5 किलोग्राम मेथाक्वॉलोन (Methaqualone) ड्रग्स बरामद की है। संयुक्त अभियान के दौरान एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया गया। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। इस कार्रवाई को भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, एसएसबी और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की संयुक्त टीम सोनौली बॉर्डर पर आने-जाने वाले यात्रियों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान नेपाल से भारत में प्रवेश कर रही एक महिला के ट्रॉली बैग को बैग स्कैनर से जांचा गया। स्कैनिंग के दौरान बैग में संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर सुरक्षा कर्मियों ने उसकी गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग में बेहद शातिर तरीके से बनाई गई एक गुप्त जगह से कार्बन पेपर में लपेटकर छिपाई गई मेथाक्वॉलोन ड्रग्स बरामद हुई। ड्रग डिटेक्शन किट से जांच करने पर बरामद पदार्थ मेथाक्वॉलोन होने की पुष्टि हुई। इसका कुल वजन लगभग 2.5 किलोग्राम पाया गया। गिरफ्तार महिला की पहचान टी. संग मार्गहिंग (30 वर्ष), निवासी मणिपुर, के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ के बाद उसे बरामद मादक पदार्थ के साथ संबंधित एजेंसी के हवाले कर दिया गया है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि ड्रग्स की यह खेप नेपाल के रास्ते कहां से लाई गई थी, इसका मुख्य सरगना कौन है और इसे भारत में किस व्यक्ति या गिरोह तक पहुंचाया जाना था। अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय एवं अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।
यह भी पढ़ें : बंद कमरे में कथित प्रेमी जोड़ों की बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल; जांच में जुटी पुलिस