खेत की पैमाइश के दौरान बवाल, लेखपाल के सामने दो पक्षों में मारपीट; मुकदमा दर्ज
विशुनपुरा गांव में जमीन की पैमाइश के दौरान विवाद बढ़ा, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम विशुनपुरा में खेत की पैमाइश के दौरान दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। बताया जा रहा है कि राजस्व विभाग की ओर से खेत की पैमाइश कराई जा रही थी। इसी दौरान जमीन की सीमा को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष लेखपाल के सामने ही एक-दूसरे पर टूट पड़े और लात-घूंसों से मारपीट करने लगे। मारपीट होते देख मौके पर मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्काल बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया। घटना के दौरान कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही कोठीभार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों से घटना की जानकारी लेने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना का वीडियो भी आसपास के लोगों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि मामले में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : कॉलेज की छत पर प्रशिक्षक की संदिग्ध मौत, सिर में गोली लगने से गई जान, जांच में जुटी पुलिस