अपराध

MAHARAJGANJCRIMENEWS : घर के बाहर सो रही महिला की हत्या से सनसनी, दो लोग हिरासत में

 

सिर पर चोट के निशान मिले, देर रात हुए विवाद के एंगल पर पुलिस की जांच तेज

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो -: श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कुड़वा उर्फ मुरकटिया टोला लंगड़ी में घर के बाहर सो रही एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह महिला का शव खाट पर मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों ने गांव के दो युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि फोरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुड़वा उर्फ मुरकटिया टोला लंगड़ी निवासी रूखमणी (40) पत्नी शिव नारायण गुरुवार रात भोजन करने के बाद घर के बाहर खाट पर सो गई थीं। शुक्रवार सुबह जब परिजन उन्हें जगाने पहुंचे तो वह मृत अवस्था में मिलीं। उनके सिर पर चोट के निशान पाए गए, जिसके बाद हत्या की आशंका जताई गई। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों का आरोप है कि गुरुवार रात गांव के दो युवकों से रूखमणी का विवाद हुआ था। विवाद के बाद दोनों ने घर पहुंचकर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी थी। इसके कुछ घंटे बाद ही महिला मृत मिली, जिससे परिजन दोनों युवकों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं।सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ और सदर क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए। मृतका मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती थीं। उनके पति शिव नारायण मंदबुद्धि बताए जाते हैं। परिवार में चार बच्चे हैं, जिनके सिर से मां का साया उठ गया है। प्रभारी निरीक्षक अक्षय कुमार सिंह ने बताया कि मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें : हिस्ट्रीशीटर गैंग सूने मकानों को बनाता था निशाना, सीओ के नेतृत्व में पुलिस ने तीन शातिर चोर दबोचे