जिलें में अधेड़ की संदिग्ध मौत, जमीन विवाद में हत्या की आशंका; परिजनों ने बहू पर लगाया साजिश का आरोप
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- फरेंदा थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में एक अधेड़ व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव निवासी सच्चा राम गुप्ता के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने जमीन विवाद को लेकर हत्या की आशंका जताते हुए मृतक की बहू पर साजिश रचने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों का आरोप है कि सच्चा राम गुप्ता का परिवार में जमीन और संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। उनका कहना है कि इसी विवाद के चलते सुनियोजित तरीके से उनकी हत्या कराई गई। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, बहू पर लगाए गए आरोपों की अभी तक पुलिस की ओर से पुष्टि नहीं की गई है और जांच जारी है। घटना की सूचना मिलते ही फरेंदा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर होगा। इसके बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फरेंदा थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला मारपीट के बाद हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है।
यह भी पढ़ें : हिस्ट्रीशीटर गैंग सूने मकानों को बनाता था निशाना, सीओ के नेतृत्व में पुलिस ने तीन शातिर चोर दबोचे