जायदाद की लालच में ससुर की हत्या, आंखों में मिर्च झोंक बहू ने रची खूनी साजिश
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- फरेंदा थाना क्षेत्र में जायदाद के विवाद ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। जमीन अपने नाम कराने की चाह में एक बहू ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर ससुर की हत्या की सनसनीखेज साजिश रच डाली। पुलिस के अनुसार पहले ससुर की आंखों में मिर्च पाउडर झोंका गया, फिर लकड़ी के डंडे से ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद शव को ठिकाने लगाकर घटना को दुर्घटना का रूप देने की भी कोशिश की गई, लेकिन फरेंदा पुलिस ने महज चार घंटे में पूरे मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि मृतक सच्चाराम गुप्ता की बहू शोभा गुप्ता अपने हिस्से की जमीन अपने नाम कराने का दबाव बना रही थी। सच्चाराम के इनकार करने पर उसने रमेश गुप्ता, धनई यादव और श्रीकांत चौहान के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। 30 जुलाई को शोभा ने बातचीत के बहाने अपने ससुर को घर बुलाया, जहां दो आरोपी पहले से मौजूद थे। पुलिस के मुताबिक, सबसे पहले सच्चाराम की आंखों में मिर्च पाउडर डाला गया। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें पकड़ लिया और लकड़ी के डंडे से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद शव को सुनसान स्थान पर फेंककर साक्ष्य मिटाने और घटना को दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई टीमें गठित की गईं। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ कौशल और क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा के पर्यवेक्षण में फरेंदा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर महज चार घंटे में पूरे मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडा और अन्य साक्ष्य बरामद करते हुए बहू समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिस्ट्रीशीटर गैंग सूने मकानों को बनाता था निशाना, सीओ के नेतृत्व में पुलिस ने तीन शातिर चोर दबोचे