अपराध

तीन मासूमों की मौत में बड़ी कार्रवाई: ठेकेदार गिरफ्तार, गैर इरादतन हत्या के केस में भेजा गया जेल

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- सिसवा नगर पालिका क्षेत्र के मीराबाई नगर स्थित निर्माणाधीन अमृत सरोवर में तीन मासूम बच्चों की डूबकर मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ठेकेदार दीपक कुमार सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार के अधिशासी अधिकारी (ईओ) विन्ध्याचल की तहरीर पर कोठीभार थाने में दीपक कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रोपराइटर दीपक कुमार सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 समेत अन्य प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। ईओ की तहरीर में आरोप लगाया गया है कि अमृत 2.0 योजना के तहत निर्माणाधीन सरोवर की खुदाई के दौरान अनियमित तरीके से मिट्टी निकालने से गहरे गड्ढे बन गए थे, जिनमें बारिश का पानी भर गया था। इसके बावजूद न तो निर्माण स्थल के चारों ओर बैरिकेडिंग कराई गई और न ही किसी प्रकार का चेतावनी बोर्ड लगाया गया। सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण 2 अगस्त को रजत उर्फ रोहन, कृष्णा रौनियार और नीतीश यादव की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपी ठेकेदार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है। जांच में यदि अन्य किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें : जिलें में अधेड़ की संदिग्ध मौत, जमीन विवाद में हत्या की आशंका; परिजनों ने बहू पर लगाया साजिश का आरोप