अपराध

रेलवे मेठ पर जानलेवा हमला, पत्नी को अगवा कर दुष्कर्म; आरोपी गिरफ्तार

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- बृजमनगंज थाना क्षेत्र की रेलवे कॉलोनी में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। रेलवे के एक मेठ पर लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के बाद आरोपी उसकी पत्नी को जबरन उठाकर पास के परित्यक्त रेलवे भवन में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जानकारी के अनुसार रेलवे कॉलोनी में रेलवे का मेठ अपनी पत्नी के साथ सो रहा था। देर रात आरोपी नीरज पाण्डेय निवासी महुलानी टोला सिकंदरपुर वहां पहुंचा और सो रहे मेठ पर लोहे की रॉड से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। इसके बाद वह उसकी पत्नी को जबरन उठाकर पास स्थित परित्यक्त रेलवे भवन में ले गया। घायल मेठ ने किसी तरह रेलवे कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। महिला के लापता होने पर पुलिस ने तत्काल तलाशी अभियान चलाया। कुछ देर बाद उसे परित्यक्त भवन से बरामद कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने पूरी रात दबिश देकर मंगलवार तड़के महुलानी गांव के मोड़ से आरोपी नीरज पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। घायल रेलवे मेठ का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है। मामले में पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

यह भी पढ़ें : जायदाद की लालच में ससुर की हत्या, आंखों में मिर्च झोंक बहू ने रची खूनी साजिश