अपराध

सीओ के नेतृत्व में फरेंदा पुलिस का बड़ा एक्शन, 60 लीटर कच्ची शराब बरामद, 20 कुंतल लहन नष्ट; चार गिरफ्तार

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- अवैध कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरेंदा पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 60 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। क्षेत्राधिकारी (सीओ) दीपशिखा वर्मा के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में करीब 18 से 20 कुंतल लहन मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। पुलिस ने एक पुरुष समेत तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने ग्राम निरनाम पश्चिमी टोला नगेशरपुर में छापेमारी की। दबिश के दौरान शराब बनाने में प्रयुक्त 60 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई, जबकि बड़ी मात्रा में तैयार लहन को नष्ट करा दिया गया। गिरफ्तार आरोपितों में सिधवार निवासी शिवशंकर यादव उर्फ सिनक, नगेशरपुर निवासी कुसमावती और प्रमिला साहनी, तथा गुदरीपुर निवासी मालती शामिल हैं। पुलिस के अनुसार शिवशंकर यादव के खिलाफ आबकारी अधिनियम के अलावा अन्य आपराधिक धाराओं में भी मुकदमे दर्ज हैं। वहीं कुसमावती और मालती के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के कई पुराने मामले दर्ज हैं, जबकि प्रमिला के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस तरह के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी में उपनिरीक्षक गोविन्दर यादव, शैलेश सिंह, विजयशंकर यादव, कलीमुल्लाह खान, अमित कुमार मौर्य सहित महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की टीम शामिल रही।

यह भी पढ़ें : 8 साल की मासूम से छेड़छाड़ का आरोप, आक्रोशित परिजनों ने बुजुर्ग को पीटा; वीडियो वायरल, पॉक्सो में मुकदमा दर्ज