अपराध

एक लाख की ठगी करने वाले बिहार के तीन टप्पेबाज गिरफ्तार, फर्जी चेक और बाइक बरामद

 

एसओजी, स्वाट और सर्विलांस टीम की मदद से टिकुलहिया पुल के पास हुई गिरफ्तारी, घुघली में भी दे चुके हैं वारदात को अंजाम

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- भारतीय स्टेट बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रहे व्यक्ति को आवास का पैसा दिलाने का झांसा देकर एक लाख रुपये ठगने वाले बिहार के तीन टप्पेबाजों को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। एसओजी, स्वाट और सर्विलांस टीम की मदद से पुलिस ने तीनों को टिकुलहिया पुल के पास घेराबंदी कर दबोचा। आरोपियों के कब्जे से 25,200 रुपये नकद, चार चेक, एक मोबाइल फोन और फर्जी नंबर प्लेट लगी पल्सर बाइक बरामद हुई है। थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय ने बताया कि बीते 14 अक्तूबर को पतौना गांव निवासी दशरथ सिंह निचलौल स्थित एसबीआई शाखा से एक लाख रुपये निकालकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान कटरा चौराहे के पास तीनों आरोपियों ने उन्हें आवास का पैसा दिलाने का झांसा दिया और एक लाख रुपये लेकर बदले में दो लाख रुपये का कूटरचित चेक थमा दिया। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कृष्णा श्रीवास्तव, संजय पटेल और मंगल यादव के रूप में हुई है। तीनों पश्चिमी चंपारण, बिहार के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी घुघली थाना क्षेत्र में भी इसी तरह की ठगी कर चुके हैं। बरामदगी में पंजाब नेशनल बैंक के तीन खाली और एक भरा हुआ चेक, लावा मोबाइल तथा फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक शामिल है। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें : दोस्तों की पार्टी में पिस्टल से चली गोली, युवक की मौत; पुलिस ने साथियों को हिरासत में लिया