Education

महराजगंज में “एक दिन की DIOS” बनी अर्पिता सिंह, छात्राओं में बढ़ा उत्साह

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले में मिशन शक्ति के अंतर्गत छात्राओं को सशक्त बनाने और उन्हें प्रशासनिक कार्यों का अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से “एक दिन के लिए अधिकारी” पहल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के तहत पं० दीनदयाल इंटर कॉलेज की कक्षा 12वीं की मेधावी छात्रा अर्पिता सिंह को एक दिन के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यभार संभालते ही अर्पिता सिंह ने गंभीरता और आत्मविश्वास के साथ विभागीय कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विद्यालयों से संबंधित फाइलों की जांच की तथा शिक्षकों की उपस्थिति, पठन-पाठन की स्थिति और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप शर्मा ने अर्पिता सिंह का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया और उनके कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में नेतृत्व क्षमता का विकास करना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें प्रशासनिक जिम्मेदारियों से परिचित कराना है। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने अर्पिता सिंह के कार्यों की प्रशंसा की। साथ ही अन्य छात्राओं को भी ऐसे अवसरों का लाभ उठाकर अपने भविष्य को संवारने के लिए प्रेरित किया गया।

यह भी पढ़ें : महाराजगंज में टीईटी अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों का प्रदर्शन, दूसरे दिन भी बांधी काली पट्टी