Education

दी पैरामाउंट एकेडमी में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- स्थानीय दी पैरामाउंट एकेडमी में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह बड़े ही उत्साह, हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि आनंद मिश्रा एवं विशिष्ट अतिथि दुर्गेश सिंह द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों—विजय बहादुर सिंह, विवेक सिंह व अन्य सदस्यों ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। गणेश वंदना, स्वागत गीत “सुस्वागतम”, लूंगी डांस, स्कूल जर्नी और विभिन्न नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। साथ ही राष्ट्रभक्ति एवं सामाजिक संदेशों पर आधारित नाटकों को भी खूब सराहा गया। शैक्षणिक उपलब्धियों में कक्षा प्ले से यूकेजी में संस्कार अग्निहोत्री, कक्षा 1 से 4 तक में आरुष पटेल तथा कक्षा 5 से 12 में रूपांशी अग्रहरि ने शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। इसके अलावा प्रत्येक कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। शत-प्रतिशत उपस्थिति एवं खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को भी पुरस्कृत किया गया। मुख्य अतिथि आनंद मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि पुरस्कार विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। वहीं विशिष्ट अतिथि श्रेया मिश्रा ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर परिश्रम करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के मनोरंजन के लिए जादू का खेल भी प्रस्तुत किया गया। अंत में प्रधानाचार्य ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें : नशा मुक्ति के लिए छात्राओं ने निकाली जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक से दिया संदेश