विज़न एकेडमी में छात्र नेतृत्व परिषद का शपथ ग्रहण, नवमनोनीत पदाधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- विज़न एकेडमी के क्राउन कक्ष में शनिवार को अलंकरण एवं शपथ-ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक एवं प्रधानाचार्य अभिषेक पाण्डेय ने नवमनोनीत छात्र-छात्राओं को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, निष्पक्षता, सेवा भाव और विद्यालय की गरिमा बनाए रखने की शपथ दिलाई। समारोह में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ अपने दायित्वों को स्वीकार किया। विद्यालय नेतृत्व परिषद में सत्यम कुमार और आराध्या पाण्डेय को विद्यालय प्रमुख तथा प्रतीक पटेल और मुस्कान खरवार को उपप्रमुख बनाया गया। इसके अलावा भाषा, अनुशासन, क्रीड़ा, कला एवं शिल्प, सांस्कृतिक गतिविधियों सहित विभिन्न विभागों के लिए भी छात्र-छात्राओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। लाल, नील, हरित और पीत सदनों के प्रमुख एवं उपप्रमुखों की भी घोषणा की गई। विद्यालय प्रशासन ने कक्षा प्रारम्भिक द्वितीय से लेकर कक्षा अष्टम तक कक्षा प्रतिनिधि, भाषा प्रतिनिधि, अनुशासन प्रतिनिधि तथा सदन एवं गतिविधि प्रतिनिधियों का भी मनोनयन किया। सभी पदाधिकारियों को विद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने और अनुशासन का उदाहरण प्रस्तुत करने का दायित्व सौंपा गया।इस अवसर पर प्रधानाचार्य अभिषेक पाण्डेय ने कहा कि "नेतृत्व किसी पद का सम्मान नहीं, बल्कि जिम्मेदारी निभाने का अवसर है। सच्चा नेतृत्व सेवा, अनुशासन और आदर्श आचरण से ही सिद्ध होता है।" उन्होंने विद्यार्थियों से विद्यालय की गरिमा बढ़ाने और अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया। समारोह के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी नवमनोनीत विद्यार्थी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
यह भी पढ़ें : परमाउंट एकेडमी में श्रमिक दिवस पर सम्मान समारोह, छात्रों ने सहायकों को किया नमन