सिसवा की बेटी साक्षी ने नीट-2026 में लहराया परचम, 644 अंक के साथ हासिल की ऑल इंडिया 1921वीं रैंक
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- सीमित संसाधनों के बीच कठिन मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर सिसवा की साक्षी कसेरा ने नीट-2026 में शानदार सफलता हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है। 720 में से 644 अंक प्राप्त कर उन्होंने ऑल इंडिया 1921वीं रैंक हासिल की है। सिसवा नगरपालिका के सेनानी नगर वार्ड की रहने वाली साक्षी कसेरा ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) में शानदार प्रदर्शन करते हुए 720 में से 644 अंक प्राप्त किए हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने ऑल इंडिया 1921वीं रैंक हासिल कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे महराजगंज जिले का नाम रोशन किया है। साक्षी एक मध्यमवर्गीय परिवार से हैं। उनके पिता मनेश कसेरा (बबलू) व्यवसायी हैं, जबकि माता प्रीतिलता कसेरा गृहिणी हैं। बड़ी बहन आराधना कसेरा सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और छोटा भाई उज्ज्वल जेईई मेन्स की तैयारी कर रहा है। परिवार ने सीमित संसाधनों के बावजूद बच्चों की शिक्षा में कभी कोई कमी नहीं आने दी। साक्षी ने अपनी हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की शिक्षा चोखराज तुलस्यान सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सिसवा से पूरी की। बचपन से ही पढ़ाई में प्रतिभाशाली रहीं साक्षी का सपना डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है। इसी लक्ष्य को लेकर उन्होंने नियमित अध्ययन, अनुशासित दिनचर्या और कठिन परिश्रम को अपनी सफलता का आधार बनाया। अपनी सफलता पर साक्षी ने इसका श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और भाई के निरंतर सहयोग व मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य, आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर मेहनत से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। साक्षी की इस उपलब्धि पर शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। उनकी सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
यह भी पढ़ें : पैरामाउंट एकेडमी में धूमधाम से मनाया गया मातृ दिवस, भावुक प्रस्तुतियों ने जीता दिल