Education

प्राथमिक विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस पर कथित अश्लील भोजपुरी गाने पर बच्चों का डांस, वीडियो चर्चा में

 

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- लक्ष्मीपुर ब्लॉक क्षेत्र के पिपरा सोहट गांव स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान बच्चों के डांस का कथित वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। वीडियो में विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बच्चों, जिसमें बच्चियां भी शामिल हैं, को भोजपुरी के कथित अश्लील गाने पर डांस करते हुए देखा जा रहा है।हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि महाराजगंज टाइम्स नहीं करता है। वीडियो में दिख रहे घटनाक्रम की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोगों का कहना है कि विद्यालय जैसे शिक्षण संस्थान में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में देशभक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। कथित तौर पर अश्लील गाने पर बच्चों का डांस कराए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने शिक्षा विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। घटना को लेकर विद्यालय में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की निगरानी पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। इस संबंध में बीएसए सुरजीत सिंह ने बताया कि वीडियो की जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें : सिसवा की बेटी साक्षी ने नीट-2026 में लहराया परचम, 644 अंक के साथ हासिल की ऑल इंडिया 1921वीं रैंक