सीएचसी निचलौल में गंदगी पर भड़के डीएम, सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए सख्त निर्देश
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो :- जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) निचलौल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों को मिल रही सुविधाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर, आयुष्मान वार्ड, प्रसव कक्ष और अन्य वार्डों में साफ-सफाई संतोषजनक न मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और तत्काल व्यापक सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय ओपीडी में 249 मरीजों का उपचार किया जा चुका था, जबकि इमरजेंसी में 17 मरीजों को चिकित्सा सुविधा दी गई थी। जिलाधिकारी ने भर्ती मरीजों से बातचीत कर उपचार और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी ली। बीपीएचयू लैब में 68 पैथोलॉजिकल जांचें तथा एक्स-रे इकाई में नौ मरीजों की जांच होने की जानकारी मिली। डीएम ने निर्देश दिया कि 0 से 6 वर्ष तक के सभी बच्चों की स्क्रीनिंग कर उनका विवरण अनिवार्य रूप से पहचान पोर्टल पर अपलोड किया जाए। उन्होंने उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं (एचआरपी) की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग, लाइन लिस्ट तैयार करने तथा आशा, एएनएम और स्टाफ नर्सों के माध्यम से समयबद्ध जांच एवं उपचार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। पीआईसीयू वार्ड में कोई मरीज भर्ती न मिलने पर उन्होंने आवश्यकता वाले मरीजों को चिकित्सकीय मानकों के अनुसार भर्ती कर उपचार देने को कहा। साथ ही संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, जननी सुरक्षा योजना का समय से भुगतान, बेडशीट प्रतिदिन बदलने, संक्रमण नियंत्रण, अग्निशमन व्यवस्था, मॉक ड्रिल तथा अस्पताल परिसर में पड़े निष्प्रयोज्य वाहनों और जर्जर भवनों के निस्तारण के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी, अधीक्षक डॉ. उमेश चंद सिंह सहित अन्य चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल कर्मचारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : स्वच्छता सर्वेक्षण में नंबर एक आए जिला अस्पताल में गंदगी देख भड़के डीएम — औचक निरीक्षण में उजागर हुई जमीनी हकीकत