Maharajganj

कुहासे और चालक की चूक से टला बड़ा हादसा, परतावल चौराहे पर बस–डीसीएम की जोरदार भिड़ंत

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल चौराहे पर रविवार देर रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब महराजगंज रोड पर खड़ी एक डीसीएम में यात्री बस पीछे से जा टकराई। घना कुहासा और चालक की लापरवाही हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है। बस में सवार दो दर्जन से अधिक यात्रियों में से पांच लोग घायल हो गए, हालांकि सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

नेपाल के मेले में जा रही थी बस, कुहासे में घट गई दृश्यता

रविवार की रात करीब 1:30 बजे हीरो एजेंसी के समीप सड़क किनारे खड़ी डीसीएम में एक यात्री बस तेज रफ्तार में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के वक्त क्षेत्र में घना कुहासा छाया हुआ था, जिससे सड़क पर दृश्यता बेहद कम हो गई थी।बस में सवार यात्री गोरखपुर के गीडा थाना क्षेत्र के सेक्टर–5 बारवां चौराहे से नेपाल के मदरिया पहाड़ स्थित मेले में शामिल होने जा रहे थे। दुर्घटना में आलोक (22), आकाश (21), ओमप्रकाश (55), मीना देवी (40) और तारा देवी (45) घायल हो गए। यात्रियों का आरोप है कि हादसे के समय चालक बोतल से पानी पी रहा था, जिससे उसका ध्यान भटक गया और बस खड़ी डीसीएम से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में चीख–पुकार मच गई, लेकिन स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सूचना मिलते ही परतावल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। चौकी प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि घायलों की हालत स्थिर है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें : मनरेगा में धांधली का कमाल,खरीफ़ के मौसम में उगाई जा रही रबी की फसल