जिले में धर्मांतरण के आरोप से हड़कंप, पुलिस ने आरोपी को दबोचा, मुकदमा दर्ज
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले में कथित धर्मांतरण की सूचना से रविवार को हड़कंप मच गया। सिसवा विकास खंड अंतर्गत ग्रामसभा सोनबरसा में प्रार्थना सभा के नाम पर धर्मांतरण कराए जाने की सूचना मिलने पर कोठीभार पुलिस ने मौके पर छापेमारी कर एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि हिंदू संगठनों को गांव में धर्मांतरण की गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। रविवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे भाजपा के प्रांतीय परिषद सदस्य धर्मनाथ खरवार के नेतृत्व में कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। वहां प्रार्थना सभा होते देख उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोठीभार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभा को बंद कराया। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ धार्मिक पुस्तकें व अन्य सामग्री बरामद की है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, दो वर्ष पूर्व भी इसी व्यक्ति पर धर्मांतरण का आरोप लगा था, तब भी पुलिस ने कानूनी कार्रवाई की थी। कोठीभार थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की गहन जांच जारी है।
यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला