Maharajganj

नौतनवा विधायक ने बजट का किया समर्थन, अधिवक्ताओं के लिए प्रोटेक्शन एक्ट व वेतन वृद्धि की उठाई मांग

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- विधानसभा में बजट पर चर्चा के दौरान नौतनवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रस्तुत बजट का समर्थन करते हुए इसे ऐतिहासिक और सर्वसमावेशी बताया। उन्होंने वित्त मंत्री द्वारा पेश बजट को प्रदेश के सभी वर्गों—चिकित्सा, शिक्षा और रोजगार—का ध्यान रखने वाला बताया और कहा कि सरकार बिना भेदभाव प्रत्येक वर्ग की चिंता कर रही है। विधायक ने कहा कि नौतनवा विधानसभा, जो अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटी है, वहां बीते वर्षों में विकास कार्यों ने गति पकड़ी है। क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछा है और जो परियोजनाएं 10 वर्षों से लंबित थीं, उन्हें चार वर्षों में पूरा किया गया। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया। उन्होंने सदन के माध्यम से कुछ स्थानीय मांगें भी उठाईं। लक्ष्मीपुर ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम मोहनपुरा ढाला से कोलुहा ढाला तक वन विभाग के मार्ग को सीसी सड़क बनाने तथा मोहनपुरा ढाला से सुरपार कोठी तक मार्ग का पक्कीकरण कराने की मांग की। साथ ही लक्ष्मीपुर ग्राम पंचायत को नगर पंचायत घोषित करने और नौतनवा नगर पालिका के विस्तार की आवश्यकता पर भी जोर दिया। विधायक ने अधिवक्ताओं की भूमिका पर चर्चा करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण, स्वतंत्रता संग्राम और संविधान निर्माण में अधिवक्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने गर्व व्यक्त किया कि वे स्वयं भी अधिवक्ता रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा अधिवक्ताओं की सुरक्षा के प्रयासों का उल्लेख करते हुए उत्तर प्रदेश में अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की। इसके साथ ही अधिवक्ताओं के लिए बेहतर मेडिकल सुविधा और शासकीय अधिवक्ताओं के 10 वर्षों से लंबित वेतन वृद्धि पर पुनर्विचार करने की मांग भी सदन के माध्यम से सरकार से की।

यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला