Maharajganj

बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा में डीएम सख्त, धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025–26 के तहत विभिन्न योजनाओं की प्रगति और बजट व्यय की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी से विभिन्न लेखा शीर्षकों में प्राप्त बजट और उसके सापेक्ष अब तक हुए व्यय की जानकारी ली। कई योजनाओं में प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्ति के करीब है, इसलिए शेष बचे समय में सभी योजनाओं में तेजी लाते हुए प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से उन योजनाओं पर ध्यान देने का निर्देश दिया जिनकी प्रगति 60 प्रतिशत से कम है। उन्होंने कहा कि ऐसी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए जल्द से जल्द प्रगति में सुधार किया जाए। बैठक में जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सेवानिवृत्ति देयकों, अशासकीय सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूलों के मृतक कर्मचारियों के लंबित भुगतान, परिषदीय कर्मचारियों को स्वीकृत एसीपी की अद्यतन स्थिति तथा पेंशन से जुड़े मामलों की भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए ताकि कर्मचारियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके अलावा जिलाधिकारी ने न्यायालय से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की और निर्देश दिया कि किसी भी मामले में न्यायालय की अवमानना की स्थिति न आने पाए। सभी मामलों में समय से न्यायालय में जवाब दाखिल करना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी रिद्धी पाण्डेय, खंड शिक्षा अधिकारीगण तथा शिक्षा विभाग के पटल सहायक मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला