Maharajganj

जिले में पुलिस भर्ती परीक्षा में लगभग 69% अभ्यर्थी हुए शामिल, प्रशासन रहा सतर्क

 

12 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा संपन्न, कड़ी सुरक्षा में 6202 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले में शनिवार को आयोजित पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा में कुल पंजीकृत अभ्यर्थियों में से लगभग 69 प्रतिशत परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि करीब 31 प्रतिशत अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की भर्ती के लिए आयोजित लिखित परीक्षा शनिवार को जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में संपन्न हुई। प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए थे। जिले में प्रत्येक पाली में 4560 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। पहली पाली में 3137 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि दूसरी पाली में 3065 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। इस प्रकार कुल 6202 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जो कुल पंजीकृत अभ्यर्थियों का लगभग 69 प्रतिशत है। वहीं करीब 31 प्रतिशत अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शिवजपत सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज भिटौली, एंग्लो संस्कृत इंटर कॉलेज घुघुली और राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पुरैना सहित कई केंद्रों का दौरा कर परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी कंट्रोल रूम और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, कक्ष निरीक्षकों और पुलिस कर्मियों को परीक्षा की सुचिता बनाए रखने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिले में 450 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। सभी केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच और फ्रिस्किंग की गई तथा सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी रखी गई। प्रशासन के अनुसार रविवार को भी जिले के सभी 12 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें 9120 अभ्यर्थियों के शामिल होने की व्यवस्था की गई है।

यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला