एआरटीओ का बड़ा एक्शन, स्कूल वाहनों पर शिकंजा—कई सीज, दर्जनों चालान
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन द्वारा अनधिकृत एवं मानकों के विपरीत संचालित स्कूल वाहनों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को प्रवर्तन टीम ने धर्मपुर चौराहे के पास स्थित एक पब्लिक स्कूल के वाहन (संख्या UP56T-5310) को जांच के लिए रोका।जांच के दौरान पाया गया कि वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक लगभग 20 बच्चे सवार थे, जो सड़क सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन है और बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकता था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को थाना भिटौली में सीज कर दिया। साथ ही सभी बच्चों को सुरक्षित रूप से संबंधित विद्यालय परिसर में पहुंचाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि उक्त वाहन का पंजीकरण “इशरत जहां” के नाम पर है, जिसके खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस विशेष अभियान के तहत अब तक एआरटीओ (प्रवर्तन) मनोज सिंह द्वारा 12 स्कूल वाहनों का चालान किया जा चुका है, जबकि 8 वाहनों को सीज किया गया है। एआरटीओ (प्रवर्तन) मनोज सिंह ने स्पष्ट किया कि स्कूली वाहनों में अनफिट या मानकविहीन संचालन किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही सभी विद्यालय प्रबंधनों को निर्देशित किया गया है कि उनके वाहनों में फिटनेस, परमिट, बीमा, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट-एड बॉक्स सहित सभी आवश्यक सुरक्षा मानक अनिवार्य रूप से मौजूद हों। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई भी वाहन बिना परमिट या सुरक्षा मानकों के विपरीत संचालित पाया गया, तो वाहन के साथ-साथ विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला