नौ साल बेमिसाल: विकास का दिखा दम महराजगंज में योजनाओं की गूंज, लाभार्थियों को मिला हक
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- प्रदेश सरकार के नव निर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास भवन परिसर में जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल की अध्यक्षता में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, पनियरा विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह, सांसद प्रतिनिधि जगदीश मिश्रा, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा तथा मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल एवं चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। अतिथियों ने विकास कार्यों की प्रगति पर संतोष जताते हुए योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल ने अपने संबोधन में आगामी नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं देते हुए जनपद के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह ने सरकार के नौ वर्षों की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी से देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बिना भेदभाव के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने हेतु महिला छात्रावास और ग्राम स्तर पर विवाह उत्सव भवन निर्माण की योजना भी साझा की गई। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने विभिन्न योजनाओं की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 3.71 लाख से अधिक किसानों को 1745 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई। किसान ऋण मोचन योजना, गन्ना मूल्य भुगतान, समर्थन मूल्य पर खरीद और औद्योगिक निवेश के जरिए हजारों लोगों को लाभ व रोजगार मिला है।उन्होंने बताया कि ग्रामीण व शहरी आवास योजनाओं के अंतर्गत हजारों परिवारों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। स्वनिधि और उज्ज्वला योजनाओं से भी बड़ी संख्या में लोग लाभान्वित हुए हैं। कार्यक्रम में लखनऊ से मुख्य आयोजन का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया, जिसमें विकास पुस्तिका का विमोचन हुआ। अंत में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन पंकज मौर्य ने किया। इस अवसर पर कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला