मिशन शक्ति 5.0: छात्रा अनन्या बनी एक दिन की डीएम, समाधान दिवस में सुनीं फरियादें
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस इस बार खास रहा, जब प्रशासनिक कार्यों के बीच एक छात्रा ने जिलाधिकारी की भूमिका निभाई। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना गया।संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 130 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 12 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने शेष प्रकरणों के शीघ्र और पारदर्शी निस्तारण के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवादों में निष्पक्षता और तेजी बरतने की बात कही, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी न झेलनी पड़े।कार्यक्रम में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर भी सख्त रुख अपनाया गया। अनुपस्थित पाए गए अधिकारियों के विरुद्ध स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस जनता की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण मंच है, इसमें किसी भी प्रकार की उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान मिशन शक्ति 5.0 के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की कक्षा 8 की छात्रा अनन्या दूबे को एक दिन का डीएम बनाया गया। अनन्या ने प्रशासनिक दायित्वों को संभालते हुए शिकायतों की सुनवाई की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अनुभव उनके जीवन का यादगार पल है और इससे उन्हें भविष्य में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है। कार्यक्रम में एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता, तहसीलदार अमित सिंह, सीओ बसंत सिंह, डीडीओ बी.एन. कन्नौजिया, बीडीओ शमा सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला