Maharajganj

नेपाल में बर्ड फ्लू के मामलों के बाद जिला सतर्क, सीमावर्ती इलाकों में बढ़ी निगरानी

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- नेपाल के छापा और मोरंग जिलों में बर्ड फ्लू के मामले सामने आने के बाद महराजगंज प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिलास्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में रोकथाम और तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद में फिलहाल बर्ड फ्लू का कोई मामला सामने नहीं आया है और आसपास के जिलों में भी स्थिति सामान्य बनी हुई है। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे क्षेत्रों को संवेदनशील मानते हुए वहां विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रशासन ने तहसील स्तर पर चार-चार त्वरित प्रतिक्रिया दल (आरआरटी) का गठन किया है, जिनमें उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी और अन्य कर्मचारियों को शामिल किया गया है। ये टीमें किसी भी संदिग्ध सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच और आवश्यक कार्रवाई करेंगी। जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम (8765957965) स्थापित किया गया है, जो सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक संचालित रहेगा। आम नागरिक और कुक्कुट पालक इस नंबर पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं या किसी भी संदिग्ध घटना की सूचना दे सकते हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सीमावर्ती गांवों, पोल्ट्री फार्मों और बाजारों में नियमित सैंपलिंग कराई जाए तथा मृत पक्षियों की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दी जाए। साथ ही सभी तहसील स्तरीय पशु चिकित्सालयों में पर्याप्त मात्रा में पीपीई किट उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। डीएम ने अधिकारियों को आपसी समन्वय मजबूत करने, व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित करने और बर्ड फ्लू के लक्षणों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। प्रशासन की इस सक्रियता से स्पष्ट है कि संभावित खतरे को लेकर कोई भी लापरवाही नहीं बरती जा रही है।

यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला