रेलवे पटरी पर मिले युवक-युवती के शव, इलाके में सनसनी; प्रेम प्रसंग की आशंका
नौतनवा क्षेत्र में दर्दनाक घटना, प्रेम प्रसंग की आशंका; पुलिस जांच में जुटी
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले के नौतनवा थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक युवक और युवती के शव रेलवे पटरी पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना संपतिहा चौकी क्षेत्र के अंतर्गत नईकोट टोला महुवारी गांव के पास की बताई जा रही है, जहां दोनों की ट्रेन से कटकर मौके पर ही मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 3:30 बजे इंटरसिटी एक्सप्रेस (15106) महुआरी ढाले से लगभग 100 कदम दूर पहुंची ही थी कि पटरी के पास मौजूद युवक और युवती संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान गुर्जरवलिया शंकरमिश्र निवासी 18 वर्षीय गोलू कन्नौजिया और नईकोट की 19 वर्षीय सरिता के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रेन चालक ने आरपीएफ फरेंदा को सूचना दी कि युवक और युवती कुछ समय से पटरी के पास बैठे हुए थे। हालांकि घटना किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। नौतनवा थाना प्रभारी पुरुषोत्तम राव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग की आशंका सामने आ रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला