देर रात अपराध समीक्षा में सख्त दिखे नए एसपी, लापरवाही पर सख्त चेतावनी
लंबित विवेचनाओं में तेजी, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और आईजीआरएस प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से नए पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बुधवार देर रात अपराध समीक्षा बैठक कर पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। पुलिस कार्यालय स्थित तथागत सभागार में रात करीब 10 बजे आयोजित इस गोष्ठी में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों और थानों की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की गई। बैठक के दौरान एसपी ने स्पष्ट कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को लंबित विवेचनाओं का त्वरित निस्तारण करने, अनावरण शेष मामलों में तेजी लाने और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया। समीक्षा के दौरान महिला उत्पीड़न, अनुसूचित जाति/जनजाति से जुड़े मामलों सहित गंभीर अपराधों की स्थिति का भी जायजा लिया गया। एसपी ने इन मामलों में समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने आईजीआरएस और जनसुनवाई प्रकरणों में थानाध्यक्षों को स्वयं जांच कर शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट करने और बेहतर फीडबैक देने के निर्देश दिए। इसके अलावा यक्ष ऐप, ई-साक्ष्य, एसआईडी और ऑपरेशन क्लीन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। एसपी ने रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाने, संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन चेकिंग तथा साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए सर्विलांस टीम को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। गोष्ठी में गुमशुदा बच्चों की बरामदगी, अपहरण मामलों के निस्तारण, वारंटियों की गिरफ्तारी तथा मिशन मोड में चिन्हित अभियोगों की प्रगति पर भी चर्चा हुई। साथ ही खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को शीघ्र ठीक कराने और संदिग्ध होटलों व प्रतिष्ठानों की जांच करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, स्वाट, एसओजी व सर्विलांस टीम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। नए एसपी के सख्त तेवर से पुलिस महकमे में सक्रियता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला