Maharajganj

डायल 112 की चार नई गाड़ियों को एसपी ने दिखाई हरी झंडी, पत्रकारों संग संवाद में गिनाईं प्राथमिकताएं

 

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो :- जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने महत्वपूर्ण पहल की है। गुरुवार को पुलिस लाइन परिसर से डायल 112 की चार नई गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाओं की त्वरित उपलब्धता पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और नई गाड़ियों के संचालन से घटनास्थल पर पुलिस की पहुंच और अधिक तेज होगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि डायल 112 पर प्राप्त प्रत्येक सूचना पर संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण सहायता मिल सके। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन सभागार में जनपद के पत्रकारों के साथ परिचयात्मक एवं संवादात्मक गोष्ठी की। इस बैठक में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, जनसुनवाई को प्रभावी बनाने तथा सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। एसपी ने मीडिया की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि लोकतंत्र में मीडिया एक सशक्त स्तंभ है। पुलिस और मीडिया के बीच सकारात्मक समन्वय, त्वरित और तथ्यात्मक सूचना का आदान-प्रदान तथा निष्पक्ष संवाद से न केवल अफवाहों पर नियंत्रण पाया जा सकता है, बल्कि जनता में सुरक्षा और विश्वास की भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने पत्रकारों से जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने और रचनात्मक सहयोग की अपेक्षा जताई। अंत में एसपी ने भरोसा दिलाया कि महराजगंज पुलिस आमजन की सुरक्षा, सेवा और विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करती रहेगी।

 

यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला