चार्ज लेते ही एक्शन में एसपी, पुलिस लाइन में औचक निरीक्षण, दिए कड़े निर्देश
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- नवागत पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कार्यभार संभालते ही सख्त तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। गुरुवार को उन्होंने पुलिस लाइन का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिस लाइन परिसर की साफ-सफाई, बैरकों की स्थिति, आवासीय व्यवस्था, मेस, बैडमिंटन हॉल, कंप्यूटर लैब और जिम सहित अन्य सुविधाओं को बारीकी से देखा। उन्होंने व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए, ताकि पुलिसकर्मियों को बेहतर माहौल मिल सके। इस दौरान पुलिस लाइन में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य तय समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसपी अवस्थी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन बनाए रखने, परिसर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने और अपनी ड्यूटी के प्रति पूरी तरह सजग रहने की हिदायत दी। दूसरे ही दिन औचक निरीक्षण से यह साफ हो गया है कि नए एसपी जिले में पुलिस व्यवस्था को लेकर पूरी तरह गंभीर हैं और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के मूड में हैं।
यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला