Maharajganj

नए एसपी के सख्त तेवर से पुलिस महकमे में हड़कंप, थानों में मची हलचल

 

कोल्हुई, सोनौली, नौतनवा व निचलौल थानों का औचक निरीक्षण, भारत-नेपाल सीमा पर भी लिया जायजा

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले में नवागत पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। जिले की कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उन्होंने थानों से लेकर अंतरराष्ट्रीय सीमा तक सघन निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की हकीकत परखी। नवागत पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने जनपद की भौगोलिक स्थिति को समझने और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से थाना कोल्हुई, सोनौली, नौतनवा और निचलौल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, अभिलेख पंजिका, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क और साफ-सफाई व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। एसपी ने अभिलेखों को अद्यतन रखने, लंबित विवेचनाओं का त्वरित निस्तारण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और शिकायतों पर पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बीट पुलिसिंग को मजबूत करने, गश्त बढ़ाने और आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस बल को सतर्कता, अनुशासन और पेशेवर दक्षता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया। एसपी ने स्पष्ट किया कि कार्यशैली में पारदर्शिता और जवाबदेही प्राथमिकता होनी चाहिए, जिससे जनता का विश्वास और मजबूत हो सके। इसके अलावा एसपी ने भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित सोनौली और ठूठीबारी बॉर्डर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एसएसबी के अधिकारियों के साथ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था, इमीग्रेशन चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की तलाशी और निगरानी प्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने सीमा पर तैनात जवानों को सख्त निर्देश दिए कि तस्करी, मानव व्यापार और अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए। एसपी ने दो टूक कहा कि कानून-व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आमजन को सुरक्षित व भयमुक्त माहौल देना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला