Maharajganj

जिला अस्पताल में डीएम का औचक निरीक्षण, बिना आईडी वार्ड में दिखे कर्मचारी तो होगी कार्रवाई

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो :- जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सोमवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों का भ्रमण करते हुए व्यवस्थाओं में सुधार के लिए सख्त निर्देश दिए।डीएम ने ट्रामा सेंटर, डायलिसिस वार्ड, मेडिकल, सर्जिकल, ईएनटी तथा शिशु एवं बाल रोग वार्ड का निरीक्षण किया। डायलिसिस कक्ष में भर्ती मरीजों की जानकारी लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से स्थिति जानी, जहां वर्तमान में 8 मरीज भर्ती पाए गए। इस दौरान डीएम ने डायलिसिस सेवा से जुड़े कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिया कि सभी कर्मचारी निर्धारित ड्रेस कोड और आईडी कार्ड के साथ ही कार्य करें। बिना पहचान पत्र के किसी भी कर्मचारी को वार्ड में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में कूलिंग सेंटर को तत्काल प्रभाव से चालू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हीट वेव से बचाव के लिए मरीजों के लिए पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने और मरीजों के बिस्तरों पर गंदी चादरें पाए जाने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सफाई व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने और इसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान डीएम ने मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली, जिस पर अधिकांश मरीजों ने संतोष व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी चिकित्सक और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। उन्होंने इमरजेंसी में 24 घंटे डॉक्टर और स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने, बाहरी लोगों की अनावश्यक आवाजाही पर रोक लगाने तथा मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला