Maharajganj

‘कूल’ के नाम पर सेहत से खिलवाड़! महराजगंज में फेल हुई आइसक्रीम, प्रशासन का सख्त एक्शन — कारोबारियों में मचा हड़कंप

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- गर्मी से राहत देने वाली आइसक्रीम अब खतरे की घंटी बनती जा रही है। महराजगंज में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच के दौरान कई आइसक्रीम नमूने अधोमानक (फेल) पाए गए हैं। इस खुलासे ने न सिर्फ प्रशासन को अलर्ट कर दिया है, बल्कि आम उपभोक्ताओं के बीच भी चिंता बढ़ा दी है।जांच के तहत लक्ष्मीपुर, नौतनवां स्थित एक आईसक्रीम निर्माण इकाई से लिया गया नमूना प्रयोगशाला में मानकों पर खरा नहीं उतरा। रिपोर्ट में दूध वसा की मात्रा मात्र 0.96 प्रतिशत पाई गई, जबकि न्यूनतम मानक 10 प्रतिशत निर्धारित है। वहीं कुल ठोस पदार्थ भी 11.12 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो तय 36 प्रतिशत से काफी कम है। इस गंभीर लापरवाही पर न्यायालय ने संबंधित कारोबारी सुरेन्द्र कुमार पाण्डेय पर 75 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है। अपर जिलाधिकारी डॉ प्रशांत कुमार ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा, “जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।” उन्होंने चेतावनी दी कि बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के लाइसेंस निरस्त किए जा सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, कुछ नमूनों में घटिया व प्रतिबंधित फैट और अत्यधिक कृत्रिम रंगों का इस्तेमाल भी सामने आया है। साथ ही कई इकाइयों में साफ-सफाई के मानकों की अनदेखी की जा रही है, जो गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती है। प्रशासन अब सिसवा, निचलौल, फरेंदा और नौतनवा जैसे प्रमुख बाजारों में औचक छापेमारी की तैयारी में है। इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा है, वहीं लोगों से सतर्क रहने और गुणवत्ता युक्त उत्पादों का ही सेवन करने की अपील की गई है।

यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला