भारत-नेपाल पत्रकारों का मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच 18 अप्रैल को, ट्रॉफी का अनावरण
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- भारत-नेपाल संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से प्रेस क्लब ऑफ महराजगंज के तत्वाधान में तृतीय वर्ष भारत-नेपाल पत्रकार मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच का आयोजन 18 अप्रैल, शनिवार को नौतनवा इंटर कॉलेज के खेल मैदान में किया जाएगा। इस मैच में दोनों देशों के पत्रकार बड़ी संख्या में हिस्सा लेंगे। मैत्रीपूर्ण मुकाबले को लेकर शुक्रवार को नौतनवा के एक सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें भारतीय मीडिया टीम के कप्तान व प्रेस क्लब अध्यक्ष अमित त्रिपाठी और नेपाली टीम के कप्तान व लुंबिनी प्रेस क्लब नेपाल के अध्यक्ष कमल राय माझी ने संयुक्त रूप से विजेता व उपविजेता ट्रॉफी का अनावरण किया। अमित त्रिपाठी ने बताया कि भारत और नेपाल के रिश्ते ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से बेहद मजबूत रहे हैं। इस तरह के आयोजनों से ‘रोटी-बेटी’ के संबंधों को और मजबूती मिलती है। वहीं कमल राय माझी ने कहा कि दोनों देशों के बीच भाषा, संस्कृति और परंपराएं समान हैं। सीमाएं भले अलग हों, लेकिन दिलों की दूरी नहीं है। ऐसे कार्यक्रम आपसी संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। इस मैत्रीपूर्ण मैच में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी और एसएसबी 66वीं बटालियन के कमांडेंट जगदीश प्रसाद धाबाई मौजूद रहेंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में दोनों देशों के कई पत्रकार उपस्थित रहे और आयोजन को लेकर उत्साह साफ दिखाई दिया।
यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला