तेज रफ्तार ट्रेलर ने उजाड़ा परिवार: पति-पत्नी और मासूम की दर्दनाक मौत
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- थाना सिंदुरिया क्षेत्र के ग्राम बलुईधुस में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गिट्टी लदे तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में पति, पत्नी और उनकी सात माह की मासूम बच्ची शामिल हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार भारतखण्डपकड़ी निवासी नौशाद (28), उनकी पत्नी सलेहा खातून (25) और उनकी मासूम बेटी शहजादी (7 माह) मोटरसाइकिल से परतावल दवा कराने जा रहे थे। इसी दौरान बलुईधुस के पास गिट्टी लदे ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही सिंदुरिया पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रेलर और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि हादसे के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे से गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला