30 लाख के 101 गुम मोबाइल बरामद, मालिकों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
एसपी शक्ति मोहन अवस्थी के नेतृत्व में सर्विलांस सेल की बड़ी सफलता, CEIR पोर्टल से ट्रेस हुए स्मार्टफोन
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- ज़िले की पुलिस ने तकनीक आधारित पुलिसिंग का शानदार उदाहरण पेश करते हुए गुम हुए 101 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिया। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में सर्विलांस सेल ने CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल और आधुनिक तकनीकी माध्यमों की मदद से अंजाम दिया। सर्विलांस टीम ने IMEI नंबर आधारित ट्रैकिंग, तकनीकी निगरानी और डिजिटल सर्विलांस के जरिए अलग-अलग कंपनियों के स्मार्टफोन खोज निकाले। गुरुवार को पुलिस कार्यालय में सभी मोबाइल स्वामियों को बुलाकर वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके फोन सुपुर्द किए गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने महराजगंज पुलिस व एसपी शक्ति मोहन अवस्थी का आभार जताया। एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि जनता की छोटी से छोटी समस्या का समाधान करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने पर तुरंत नजदीकी थाने या सर्विलांस सेल में शिकायत दर्ज कराएं ताकि CEIR पोर्टल के माध्यम से जल्द कार्रवाई की जा सके। पुलिस के अनुसार अधिकांश मोबाइल भीड़भाड़ वाले बाजारों, यात्रा के दौरान बस-ऑटो में छूटने, बाइक चलाते समय जेब से गिरने, शादी समारोहों, पार्कों और धार्मिक स्थलों पर लापरवाही के कारण गुम हुए थे। कुछ मोबाइल बच्चों द्वारा गेम खेलते समय और नशे की हालत में भी खो गए थे। इस सफल अभियान में सर्विलांस सेल के सुशील सिंह, शिवानन्द पासवान, राजकुमार राजभर, आलोक पाण्डेय, सुधीर कुमार यादव, सूरज गुप्ता और नीरज कुमार गोंड की अहम भूमिका रही।
यह भी पढ़ें : महराजगंज में दर्दनाक हादसा: पानी भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम सगे भाइयों की मौत