Maharajganj

पंचायतों में लापरवाही पर डीपीआरओ का बड़ा एक्शन, सफाईकर्मी और पंचायत अधिकारी निलंबित

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले में पंचायत व्यवस्था में लापरवाही और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा ने बड़ी कार्रवाई की है। लक्ष्मीपुर विकास खंड के ग्राम पंचायत विशुनपुर में निरीक्षण के दौरान मिली गंभीर अनियमितताओं के बाद ग्राम पंचायत अधिकारी बृजेश कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। वहीं ग्राम पंचायत गोपालपुर में लगातार सफाई कार्य में लापरवाही मिलने पर सफाईकर्मी हेमंत कुमार को भी निलंबित किया गया है। डीपीआरओ श्रेया मिश्रा ने बताया कि 18 मई 2026 को विशुनपुर पंचायत भवन के निरीक्षण में पंचायत भवन की स्थिति बेहद खराब मिली। पंचायत भवन में लंबे समय से साफ-सफाई नहीं हुई थी, शौचालय उपयोग योग्य नहीं मिला और कई विकास कार्यों के भुगतान में भी गड़बड़ी सामने आई। जांच में यह भी पाया गया कि इंटरलॉकिंग कार्य का भुगतान पूर्ण कार्य से पहले कर दिया गया, जबकि शिकायतों के बावजूद शेष भुगतान रोका नहीं गया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत गोपालपुर में सफाईकर्मी द्वारा लंबे समय से सफाई कार्य नहीं किया जा रहा था। स्कूल और पंचायत भवन में गंदगी मिलने के साथ कर्मचारी की लगातार अनुपस्थिति भी सामने आई। इसे सरकारी दायित्वों के प्रति गंभीर लापरवाही मानते हुए कार्रवाई की गई है। डीपीआरओ श्रेया मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि पंचायत व्यवस्था में लापरवाही, भ्रष्टाचार और सरकारी धन के दुरुपयोग को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी कर्मचारियों को पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने बताया कि दोनों मामलों की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है और दोष सिद्ध होने पर आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें : महराजगंज में सारस संरक्षण को लेकर वन कर्मियों व सारस मित्रों को दिया गया प्रशिक्षण