वन विभाग की चौपाल में गूंजी वन संरक्षण की आवाज, ग्रामीणों को किया जागरूक
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- सोहागीबरवा वन्यजीव प्रभाग अंतर्गत पकड़ी रेंज की कटहरा वन चौकी पर बुधवार को वन विभाग द्वारा चौपाल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मानव–वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को कम करना, ग्रामीणों को वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा स्थानीय समस्याओं का समाधान करना रहा। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। वन अधिकारियों ने लोगों को बताया कि जंगल और वन्यजीव पर्यावरण संतुलन के लिए बेहद जरूरी हैं। ग्रामीणों से अपील की गई कि किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने या किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें और किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। चौपाल में अवैध कटान रोकने, जंगलों की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा वन विभाग की योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीणों के सहयोग के बिना वन और वन्यजीवों की सुरक्षा संभव नहीं है। जागरूकता और सतर्कता से मानव–वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी राजेंद्र निरंजन सुर्वे, क्षेत्रीय वन अधिकारी सुशांत मणि त्रिपाठी, वन दरोगा गौरव त्रिपाठी, विपुल मिश्रा, बृजेश चौहान, रामानंद मौर्य, वन रक्षक दीपक साहनी, विक्रांत सिंह सहित अन्य वनकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और वन विभाग के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
यह भी पढ़ें : अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर जागरूकता गोष्ठी आयोजित, संरक्षण का दिलाया संकल्प