महराजगंज में थमा सड़क हादसों का ग्राफ: SP शक्ति मोहन अवस्थी की मुहिम लाई रंग, मौतों के आंकड़ों में भारी गिरावट
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान का सकारात्मक असर अब साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में महराजगंज पुलिस द्वारा किए गए सघन यातायात अभियान, जनजागरूकता कार्यक्रमों और ब्लैक स्पॉट्स के सुधार के चलते सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मौतों के आंकड़ों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। जनवरी से मई 2026 तक के आंकड़ों पर नजर डालें तो शुरुआती महीनों की तुलना में अप्रैल और मई में सड़क हादसों की संख्या में गिरावट देखने को मिली है। मार्च महीने में जहां 49 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज हुई थीं और 32 लोगों की जान गई थी, वहीं मई में दुर्घटनाओं की संख्या घटकर 32 रह गई तथा मृतकों का आंकड़ा 22 तक सीमित हो गया। घायल होने वाले लोगों की संख्या में भी कमी दर्ज की गई है। सड़क सुरक्षा को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस विभाग ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग, ट्रिपल राइडिंग और रॉन्ग साइड ड्राइविंग के खिलाफ लगातार कार्रवाई की गई। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ नियमों का पालन न करने वालों पर चालान की कार्रवाई भी की गई। इसके अलावा दुर्घटना संभावित स्थलों को चिन्हित कर सुधारात्मक उपाय किए गए तथा स्कूलों और कॉलेजों में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित किया गया। हाईवे और प्रमुख मार्गों पर पुलिस की गश्त भी बढ़ाई गई। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की। पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें : पेट्रोल-डीजल बिक्री पर सख्ती के बीच भड़के किसान, गैलन में डीजल न मिलने पर घुघली-सिसवा मार्ग किया जाम