Maharajganj

डीएफओ की देर रात जंगलों में पैनी नजर, संयुक्त गश्त से वन एवं वन्यजीव सुरक्षा हुई मजबूत

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- वन्यजीवों की सुरक्षा, जंगलों के संरक्षण और मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से वन विभाग लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) निरंजन सुर्वे ने देर रात लक्ष्मीपुर एवं दक्षिणी चौक रेंज की संयुक्त टीम के साथ वन क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान टेढ़ीघाट वन बीट, चानकी पुल समेत कई संवेदनशील क्षेत्रों में संयुक्त गश्त की गई। डीएफओ ने जंगलों की सुरक्षा, अवैध कटान की रोकथाम, वन संपदा के संरक्षण और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने वनकर्मियों को नियमित गश्त बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीएफओ निरंजन सुर्वे ने कहा कि वन्यजीवों के साथ-साथ जंगलों और वन संपदा की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए रात्रिकालीन गश्त, सतत निगरानी और विशेष अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। वन विभाग मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने और वन संरक्षण में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए जागरूकता अभियान भी संचालित कर रहा है। विभिन्न ग्राम पंचायतों में गोष्ठियों के माध्यम से ग्रामीणों को वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील बनाया जा रहा है तथा जंगलों की सुरक्षा में सहयोग का आह्वान किया जा रहा है। संयुक्त निरीक्षण के दौरान लक्ष्मीपुर रेंज के क्षेत्रीय वन अधिकारी वेद प्रकाश शर्मा, वन दरोगा मनीष राणा, ब्रह्मदत्त विश्वकर्मा, राम बचन यादव, सुरक्षा प्रभारी कासिम अली तथा दक्षिणी चौक रेंज के क्षेत्रीय वन अधिकारी ऋषभ नायक सहित अन्य वनकर्मी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें : नेपाल दूतावास की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई, 453 नेपाली नागरिकों को सोनौली सीमा से नेपाल पुलिस के सुपुर्द किया गया