Maharajganj

पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर महराजगंज प्रशासन अलर्ट, 13 केंद्रों पर 34,560 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

 

 

डीएम ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश, पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा कराने पर जोर

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की ऑफलाइन लिखित परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरावल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गहन अध्ययन कर लें, ताकि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों और पुलिस प्रभारियों को परीक्षा से पूर्व सभी 13 परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने तथा व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी केंद्रों पर बिजली, पेयजल, चिकित्सा सुविधा तथा गर्मी को देखते हुए प्रवेश द्वारों पर छाया की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि परीक्षा की मॉनिटरिंग शासन स्तर से की जा रही है, ऐसे में किसी भी शिकायत या शिथिलता पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।बैठक में पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिस अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों के आसपास मजबूत सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भर्ती बोर्ड द्वारा जारी सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन किया जाए। जिला प्रबंधक डॉ. दिवाकर सिंह ने बताया कि 8, 9 और 10 जून को जनपद के 13 परीक्षा केंद्रों पर कुल छह पालियों में परीक्षा आयोजित होगी। प्रत्येक पाली में 5,760 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जबकि कुल 34,560 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। बैठक में अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, सीएमओ डॉ. नवनाथ प्रसाद, डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा, बीएसए सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें : महराजगंज को मिले नए बीएसए, सुरजीत सिंह ने संभाला कार्यभार