समाधान दिवस में डीएम का सख्त एक्शन, गलत रिपोर्टिंग पर 4 राजस्व कर्मियों से मांगा जवाब
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- तहसील सदर सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस इस बार अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने के कारण चर्चा का केंद्र बना रहा। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में कुल 45 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से चार मामलों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया। शिकायतों में गलत और अस्पष्ट रिपोर्ट लगाए जाने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने दो कानूनगो और दो लेखपालों को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जनता की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की हीलाहवाली या भ्रामक रिपोर्टिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने भूमि विवाद से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने तथा आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और सभी विभागों को कम से कम 75 प्रतिशत संतुष्टि स्तर सुनिश्चित करना होगा। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पिछले समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का रैंडम सत्यापन भी कराया। जांच में चार शिकायतकर्ताओं ने अपने मामलों के निस्तारण पर असंतोष जताया, जिस पर संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया गया। उन्होंने कहा कि कागजों पर निस्तारण दिखाने के बजाय वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए। संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व विभाग से 22, पुलिस विभाग से 13, विकास विभाग से दो तथा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें दर्ज की गईं। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.एन. प्रसाद, एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार, तहसीलदार पंकज शाही, डीडीओ बी.एन. कन्नौजिया समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : एनसीसी कैडेट्स ने विश्व पर्यावरण दिवस पर चलाया ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान