नौतनवा में विश्वकर्मा समाज का शक्ति प्रदर्शन, धर्मशाला और पार्क निर्माण का वादा
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- विश्वकर्मा आर्मी के तत्वावधान में रविवार को जिला परिषद डाक बंगला, नौतनवा में आयोजित परिवार सम्मेलन एवं स्वागत समारोह में विश्वकर्मा समाज की एकजुटता देखने को मिली। कार्यक्रम में सुभासपा के प्रदेश महासचिव डॉ. धनश्याम विश्वकर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया और समाज के उत्थान के लिए शिक्षा, संगठन और सामाजिक जागरूकता को सबसे बड़ा हथियार बताया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में पहुंचे समाज के लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा समाज को अपने अधिकारों और पहचान के लिए संगठित होना होगा। उन्होंने लोगों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षित समाज ही विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है।डॉ. धनश्याम विश्वकर्मा ने नौतनवा विधानसभा क्षेत्र में विश्वकर्मा समाज के लिए धर्मशाला और पार्क निर्माण कराने की घोषणा करते हुए कहा कि इससे समाज को एक स्थायी पहचान मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। कार्यक्रम में विश्वकर्मा आर्मी के जिलाध्यक्ष रोहन शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष रघुपति शर्मा समेत कई पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। सम्मेलन में समाज के सैकड़ों लोग मौजूद रहे और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संकल्प लिया।
यह भी पढ़ें : मां के नाम लगाया पौधा, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प