यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा का पहला दिन शांतिपूर्ण, 75.56% अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा; 24.44% रहे अनुपस्थित
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा का पहला दिन सोमवार को महराजगंज जिले के 13 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई, जिसमें कुल 11,520 अभ्यर्थियों के शामिल होने की व्यवस्था थी। पुलिस विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रथम पाली में 4,354 तथा द्वितीय पाली में 4,350 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इस प्रकार कुल 8,704 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। वहीं 2,816 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। प्रतिशत के हिसाब से 75.56 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 24.44 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन तलाशी एवं फ्रिस्किंग की गई। सभी केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया तथा प्रत्येक केंद्र पर पुलिस अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की गई। जिला अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल व पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने स्वयं विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। परीक्षा ड्यूटी के लिए कुल 554 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था, जिनमें पुलिस उपाधीक्षक, निरीक्षक, उपनिरीक्षक, हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल, महिला आरक्षी, एलआईयू एवं यातायात पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रशासन की प्राथमिकता परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और शुचिता के साथ संपन्न कराना है। उन्होंने कहा कि पहले दिन परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण रही तथा मंगलवार को दूसरे दिन भी सभी 13 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी, जिसके लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।
यह भी पढ़ें : ई-रिक्शा घोटाले पर बड़ी कार्रवाई, डीपीआरओ ने किया तत्काल निलंबित