मोदी सरकार के 12 साल पर दयालु ने गिनाईं उपलब्धियां, अखिलेश के बयान पर कहा- लोकतंत्र का सम्मान करे विपक्ष
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में प्रभारी मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष भारत के लिए विश्वास, विकास और विरासत के स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हुए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों और योजनाओं ने समाज के हर वर्ग को लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि, पीएम विश्वकर्मा, लखपति दीदी, सुकन्या समृद्धि योजना तथा डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है और इसी दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत ने जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री अभियान, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की वैश्विक पहचान तथा बढ़ते विदेशी निवेश के माध्यम से विश्व मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। आज भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होकर तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के चुनाव संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. दयाशंकर मिश्र ने कहा कि ऐसे बयान लोकतंत्र का मजाक उड़ाने वाले हैं। उन्होंने कहा कि देश के 22 राज्यों में एनडीए की सरकारें जनता के समर्थन और विश्वास से बनी हैं। यह गरीब, किसान, मजदूर और आम नागरिकों की सरकार है। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी राजनीतिक हताशा के कारण इस प्रकार के बयान दे रहा है, जबकि जनता लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जता रही है।
यह भी पढ़ें : यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा आज से, 13 केंद्रों पर 34,560 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा; सुरक्षा के कड़े इंतजाम