Maharajganj

रात्रि चौपाल में गूंजी बेटियों की शिक्षा की अलख, हर बच्ची को स्कूल भेजने का लिया संकल्प

 

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने और स्कूल से दूर रह रही बालिकाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से विकास खंड मिठौरा की ग्राम पंचायत दरहटा में संस्था एजुकेट गर्ल्स द्वारा रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, अभिभावकों, पंचायत प्रतिनिधियों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा बालिका शिक्षा के महत्व पर चर्चा की। चौपाल के दौरान लोगों को बताया गया कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो बेटियों को आत्मनिर्भर बनाकर उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करती है। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षित बेटी न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कार्यक्रम में उन बच्चियों को स्कूल से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया जो किसी कारणवश पढ़ाई छोड़ चुकी हैं या नियमित रूप से विद्यालय नहीं जा रही हैं। ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए प्रेरणादायक वीडियो और लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इन माध्यमों से शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया गया। कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने भी अपने विचार साझा किए और गांव की प्रत्येक बेटी को शिक्षा दिलाने में सहयोग का भरोसा जताया। ग्राम प्रधान प्रतिमा ने कहा कि एक शिक्षित बेटी दो परिवारों को आगे बढ़ाने की क्षमता रखती है, इसलिए बेटियों की पढ़ाई को प्राथमिकता देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। एजुकेट गर्ल्स के डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम ऑफिसर वेद प्रकाश यादव ने बताया कि रात्रि चौपाल के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचकर बालिका शिक्षा का संदेश प्रभावी ढंग से दिया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि गांव की कोई भी बेटी शिक्षा से वंचित नहीं रहेगी और सभी मिलकर उसे विद्यालय तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।

 

 

यह भी पढ़ें : नहर रेगुलेटर पर युवक का शव मिलने से सनसनी, आत्महत्या की आशंका